अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रबी सीजन के लिए सहकारी समितियों को 3700 मीट्रिक टन डीएपी भेजी जा रही है, जिसका वितरण सत्यापन के बाद जोत बही के आधार पर किसानों को किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को जिलाधिकारी ने बैठक कर दिशा निर्देश जारी किए।
खाद वितरण को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें बताया गया कि जिले में बफर व रिटेल प्वाइंट पर 8300 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। रबी की बुवाई शुरू होने से पहले समितियो को 3700 मीट्रिक टन डीएपी भेजी जा रही है। सदर तहसील में 850, मऊरानीपुर में 1050, गरौठा व टहरौली में 1350 और मोंठ तहसील में 500 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की जा रही है। इसके सत्यापन के बाद किसानों की जोत बही के आधार पर इसका वितरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा बताया गया कि अक्टूबर के लिए सप्लाई प्लान के तहत 9800 मीट्रिक टन डीएपी व 3725 मीट्रिक टन एनपीके जिले को प्राप्त होगी, जिसे तत्काल केंद्रों पर भेज दिया जाएगा।
इस मौके पर सहकारी समिति के सचिव, सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला कृषि अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला प्रबंधक पीएससी व इफको के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
