संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Thu, 15 Aug 2024 03:00 AM IST

कासगंज। जनपद के सात विकास खंडों के गांवों में निवास कर रहे 4651 परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए चिन्हित कर लिया गया है। इनके लिए पंचायती राज विभाग से 2.79 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। पहली किस्त में 6000 रुपये प्रत्येक लाभार्थी के खाते में भेजे गए हैं। शौचालय का निर्माण होने से घर की महिलाओं को शौच के लिए घर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।ग्रामीण क्षेत्रों में निवास कर रहे शौचालय विहीन परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 1200 रुपये दिए जाते हैं। यह धनराशि दो किस्तों में दी जाती है। पहली किस्त 6000 रुपये की और सत्यापन के बाद शेष धनराशि दूसरी किस्त में दी जाती हैं। जनपद के ओडीएफ गांवों को संतृप्त करने के लिए 19 जुलाई को 2521 लाभार्थियों के खाते में 1.51 करोड़ रुपये व 6 अगस्त को 2130 लाभार्थियों के खाते में 1.28 करोड़ रुपये की धनराशि भेज गई। लाभार्थियों के शौचालय निर्माण कराने के बाद उनके फोटो ग्राफ देने होंगे। जिया टैग के बाद सत्यापन होने पर दूसरी किस्त प्रदान की जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 4651 ग्रामीण लाभार्थियों के खातों में शौचालय निर्माण के लिए पहली किस्त भेजी गई है। शौचालयों के निर्माण की फोटो व जियो टैग के बाद दूसरी किस्त दी जाएगी। शौचालय शीघ्र निर्माण कराए जाने के लिए एडीओ पंचायत को भी निर्देशित किया गया है।
