संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
Updated Wed, 27 Dec 2023 11:17 AM IST

अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
राममंदिर निर्माण की गति बढ़ा दी गई है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट 15 जनवरी तक अधिक से अधिक व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटा है। इसी को देखते हुए 500 मजदूर निर्माण कार्य में और लगाए गए हैं। अभी तक 3500 मजदूर मंदिर निर्माण में जुटे थे। अब इनकी संख्या चार हजार कर दी गई है। अभी तक दो शिफ्ट में मजदूरों की आठ-आठ घंटे ड्यूटी लगाई जाती थी। अब तीन शिफ्ट में यानी 24 घंटे निर्माण कार्य चल रहा है।
राममंदिर का भूतल बनकर तैयार हो चुका है। इसकी फिनिशिंग जोरों पर चल रही है। भूतल में फर्श बिछाने का काम पूरा होने को है। भूतल के स्तंभों में मूर्तियां उकेरे जाने का काम भी 15 जनवरी तक पूरा किया जाना है। मंदिर के गर्भगृह में बने तीन फीट ऊंचे व आठ फीट लंबे सिंहासन को स्वर्णजड़ित किए जाने का भी काम शुरू हो गया है। सिंहासन पर तांबे की चादर चढ़ाई जा रही है। तांबे पर सोने की परत चढ़ाई जाएगी।
ये भी पढ़ें – सरयू की बाढ़ में भी सुरक्षित रहेगा राम मंदिर, ये विशेषताएं सदियों तक सुरक्षित रखेंगी रामलला का घर
ये भी पढ़ें – यह भी एक तपस्या: अभी भी सौ वर्ष पुराने मकान में रह रहे, राम मंदिर बनने के बाद ही खुद के घर की रखेंगे ईंट
मंदिर का मुख्यद्वार और गर्भगृह का सिंहासन सोने से मंडित होगा। दिल्ली की एक ज्वेलर्स कंपनी यह काम कर रही है। रामलला के सिंहासन को स्वर्णमंडित करने का काम 15 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ़ अनिल मिश्र ने बताया कि 15 जनवरी तक मंदिर का अधिक से अधिक काम पूरा करने की योजना है।
