अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। टायर कारोबारी से राजपूत नगर में प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला समेत दो लोगों ने 54 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों के खिलाफ नवाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मूल रूप से जालौन के भावनीराम मोहल्ला निवासी शाहरूख मंसूरी ने पुलिस को बताया कि पिछले साल राजपूत नगर निवासी राजेंद्र सिंह से उसकी मुलाकात हुई थी। राजेंद्र ने उसे राजपूत नगर में प्लॉट दिलाने की बात कही। आरोपी ने बैनामा कराने से पहले पूरी रकम मांगी। उन्होंने 20 लाख रुपये नकद एवं 34 लाख रुपये चेक के जरिये दे दिया। इसके बाद उसकी पत्नी राजेश्वरी राजपूत एवं पुत्र महावीर ने प्लॉट का बैनामा कर दिया। जब प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचे, तब मालूम चला कि प्लाॅट से बैंक के नाम पर 70 लाख रुपये का ऋण उन लोगों ने पहले ही ले रखा है। जमीन के कागज भी बैंक के पास ही बंधक है। फर्जीवाड़ा करके आरोपियों ने उससे 54 लाख रुपये हड़प लिए। पैसा वापस मांगने पर आरोपी उनको जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं। शाहरूख की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
