अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बरुआसागर नगर पालिका समेत बड़ागांव एवं एरच नगर पंचायत में लोगों की प्यास बुझाने के लिए स्वीकृत जल परियोजनाओं पर जल्द कार्य आरंभ होने जा रहा है। तीनों जल परियोजनाओं पर कुल 57.67 करोड़ रुपये खर्च किए होंगे। जल निगम ने इसकी डिजाइन भी तैयार कर ली है। जल निगम अभियंताओं का दावा है कि अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह में यहां काम आरंभ हो जाएगा। उनका कहना है यह जल परियोजना अगले वर्ष तक पूरी हो जाएंगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद इन तीनों स्थानों पर सभी घरों तक पानी पहुंंच जाएगा।
इन तीनों जल परियोजनाओं की डीपीआर पिछले साल तैयार की गई थी। बरुआसागर नगर पालिका के लिए तैयार डीपीआर में 5,572 घरों तक पानी पहुंंचाया जाना है। इसके लिए बेतवा नदी में नोट घाट से पानी लिया जाएगा। यही पर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार होगा। इसके जरिए 3.6 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रति दिन ) साफ पानी बरुआसागर तक लाया जाएगा। यहां 250 किलो लीटर क्षमता का सीडब्लूआर एवं 450 किलो लीटर क्षमता की टंकी बनाई जाएगी। घरों तक पानी पहुंचाने के लिए 31.85 किलोमीटर लंबी वितरण पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस पर कुल 26.81 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं, बड़ागांव नगर पंचायत के लिए 14.37 करोड़ से जल परियोजना बनाई गई। इसके जरिए 1,875 घरों को पानी दिया जाएगा। यहां दो ट्यूबवेल स्थापित होंगे। यहां 400 किलो लीटर क्षमता की टंकी स्थापित होगी। 17.64 किलोमीटर वितरण पाइप लाइन के जरिए पानी आपूर्ति होगी। इसी तरह एरच के लिए 16.49 करोड़ की पेयजल योजना बनाई गई है। इससे 2.9 एमएलडी क्षमता के पुराने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही 100 किलो लीटर क्षमता का रिजर्व वाटर टैंक एवं 300 किलो लीटर क्षमता की टंकी बनाई जाएगी। इसके माध्यम से 20.50 किलोमीटर लंबी डिस्ट्रीब्यूशन लाइन बिछाकर 1,880 घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
000
टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही यहां कार्य भी आरंभ करा दिया जाएगा। इन पेयजल परियोजनाओं के माध्यम से सभी घरों तक सीधे पानी पहुंचाया जाएगा। – सुशील कुमार यादव, अधीक्षण अभियंता, जल निगम
