मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (यूपी और यूके) भर्ती कार्यालय लखनऊ के तत्वावधान में अग्निवीरों के लिए भर्ती रैली शुक्रवार से शुरू हुई। भर्ती रैली के पहले दिन अग्निवीर जनरल ड्यूटी(जीडी) श्रेणी के लिए कानपुर नगर जिले के तहत कानपुर, घाटमपुर, नरवल और बिल्हौर तहसील के अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
उन्होंने आगे बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए कुल 1245 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिसमें से 947 अभ्यर्थियों ने रैली में हिस्सा लिया। जोकि कुल अभ्यर्थियों की संख्या का 76.06% है। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि अप्रैल, 2024 में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम(सीईई) पास करने वाले अभ्यर्थी शुक्रवार से 22 जनवरी तक होने वाली भर्ती रैली में भाग ले रहे हैं।
भर्ती रैली में 13 जिलों औरैया, चित्रकूट, कन्नौज, बांदा, महोबा, हमीरपुर, बाराबंकी, गोंडा, कानपुर देहात, उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर और लखनऊ के करीब दस हजार शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी भाग लेंगे।
मौसम ने दिया अभ्यर्थियों का साथ
शुक्रवार सुबह सर्द मौसम में जहां अभ्यर्थियों ने अपने जोश से गर्मी भर दी। वहीं मौसम की नरमियत ने भी उनका साथ दिया। हालांकि बीती रात दो बजे रिपोर्टिंग के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। सुबह खिली धूप ने अभ्यर्थियों को राहत दी। उन्होंने जमकर दमखम दिखाया।





