पंचायत भवन और डीपीआरओ कार्यालय में रखी गई निविदा पेटिका
संवाद न्यूज एजेंसी
निवाड़ीकला। ब्लॉक महेवा की ग्राम पंचायत निवाड़ीकला में विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है। ग्राम पंचायत में करीब 1.41 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक सरकारी गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए शनिवार से औपचारिक रूप से टेंडर प्रक्रिया का शुभारंभ कर दिया गया है।
पंचायत सचिव बब्बू राजा ने प्रधान प्रतिनिधि धीरज सिंह की उपस्थिति में पंचायत भवन में निविदा पेटिका रखकर प्रक्रिया की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस निर्माण के लिए शासन स्तर से एक करोड़ 41 लाख रुपये का भारी-भरकम बजट निर्धारित किया गया है। जो भी इच्छुक फर्म इस निर्माण कार्य में रुचि रखती है, वे अपनी फर्म के आवश्यक दस्तावेजों के साथ सहमति पत्र सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक पंचायत भवन में जमा कर सकते हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक निविदा पेटिका डीपीआरओ कार्यालय इटावा में भी रखवाई गई है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरी तरह से तकनीकी एस्टीमेट के आधार पर ही कराया जाएगा। निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी और पूरे एस्टीमेट का विवरण डीपीआरओ कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।
