{“_id”:”66e601e7102b7e14e30e9e17″,”slug”:”a-huge-crowd-of-devotees-gathered-in-badi-puja-orai-news-c-224-1-ka11004-119702-2024-09-15″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Jalaun News: बड़ी पूजा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}
कोंच। हर तीसरे वर्ष आयोजित होने वाली बड़ी पूजा में शनिवार को हुल्का मैया को भावभीनी विदाई देने के लिए कस्बे की सड़कों पर सैलाब उमड़ा। श्रद्धालु मैया को छोड़ने हुल्का देवी मंदिर तक नंगे पांव गए। कस्बे के बजरिया स्थित लाला हरदौल के स्थान से प्रारंभ होकर चार किमी की यात्रा कर मैया की शोभायात्रा मां हुल्का देवी मंदिर तक पहुंची।
लाला हरदौल मंदिर से झंडा लेकर आस्थावानों की टोली सबसे पहले गांधीनगर स्थित धोबिन बऊ के यहां सुहाग लेने पहुंची। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ नई बस्ती स्थित पुराने दिवाले बीजासेन के स्थान तथा गंगाराम पटेल के पास से मुख्य घुल्ले को लेने सैकड़ों महिलाएं और पुरुष पहुंचे। इसके बाद सभी लोग एक बार पुन: हरदौल मंदिर पर इकट्ठा हुए। दोपहर बारह बजे मैया की विदाई का आयोजन विशाल शोभायात्रा के साथ शुरू हुई। जिसमें सभी नंगे पांव थे और महिलाओं के केश खुले हुए।
एसडीएम ज्योति सिंह व सीओ अर्चना सिंह ने भी डोले में कंधा लगाया। तीन सेर बेसन से बनी हुल्का मैया की सुंदर प्रतिमा को रथ पर बैठाया गया। गगनभेदी जयकारों के साथ उनका डोला उठाया गया। इस दौरान सांसद नारायण दास अहिरवार, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा, पूर्व राज्यमंत्री हरिओम उपाध्याय, विधायक मूलचंद्र निरजंन, पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, डॉ. सरिता वर्मा, दीपराज गुर्जर, धीरेंद्र यादव, विज्ञान विशारद सीरौठिया, प्रतिपाल गुर्जर, हर्षेंद्र निरंजन, शंभू महाराज, नवेंद्र उपाध्याय, सुनील लोहिया, राघवेंद्र तिवारी, अमित यादव, महेंद्र कुशवाहा आदि ने मैया के डोले में कंधा लगाया।
लाला हरदौल सेवा समिति बजरिया के अध्यक्ष श्यामदास याज्ञिक, मंत्री नरेश वर्मा, नरेंद्र परिहार, चंदनसिंह यादव आदि रहे। शोभायात्रा जब रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचा तो साथ की सभी महिलाएं परंपरानुसार यहां से वापस अपने घरों को लौट गईं। रेलवे क्रॉसिंग पर सभी घुल्ले भी शांत हो गए। देर शाम मैया का डोला पड़री नाका स्थित हुल्कादेवी मंदिर पहुंचा जहां उनके रथ में काले बकरे जोत कर रथ को खेतों में छोड़ दिया गया। शोभायात्रा में आगे आगे ले जाए जा रहे बाराहों की वहां बलि दी गई। पूरे मार्ग में दूध, शर्बत और मदिरा की तीन धाराएं अनवरत चलती रहीं।
सवा चार क्विटंल का लड्डू देखने के लिए लगा तांता
कोंच। बड़ी पूजा में मारकंडेश्वर तिराहे पर शंकर मिष्ठान भंडार की तरफ से सवा चार क्विंटल का लड्डू बनाया गया। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने लड्डू के साथ सेल्फी भी ली।
गिरते ही मिले महिलाओं के आभूषण
शोभायात्रा के दौरान दो महिलाओं ने सोने के आभूषण गिर गए पर जिन्हें मिले उन्होंने मंदिर कमेटी के पास पहुंचा दिए। एक महिला की जंजीर गिरी और कुछ देर में मंदिर कमेटी के पास पहुंच गई। उसका ऐलान करवाते ही महिला को जंजीर मिल गई। कुछ देर बाद किसी को एक सोने की अंगूठी मिली जिसे उसने मंदिर कमेटी के मंत्री नरेश वर्मा को सौंप दी।
एक झलक पाने को उतावली दिखी भीड़
मां हुल्का देवी की आस्था से भरी शोभायात्रा से कस्बे के अलावा क्षेत्र भर के लोगों की अलग ही आस्था है। सुबह से ही शोभायात्रा मार्ग पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई माता रानी की एक झक पाने को उतावला दिखाई दिया। कोई महिला अपने हाथों में पुष्प लिए था तो कोई मैया के सामने अपनी झोली फैला रहा था। लोगों ने अपने बाहर रह रहे परिजन के सदस्यों व नाते रिश्तेदारों मोबाइल पर वीडियो कॉल के माध्यम से मैया की झलक दिखाई।
