
गिरफ्तार किया गया आरोपी रिजवान।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के राजापुर अयोध्यापुरवा के रहने वाले बुजुर्ग किसान सरफराज की हत्या उनके बेटे ने ही सिलबट्टे से वारकर की थी। बेटा रिजवान अपने चाचा की बेटी से निकाह करना चाहता था, वह पहले से शादीशुदा था। इसलिए उसके पिता इस शादी का विरोध कर रहे थे। वारदात की रात शादी की बात को लेकर पिता-पुत्र में झगड़ा होने लगा। पिता के विरोध से गुस्साए रिजवान खून का रिश्ता भूल गया और पिता की सिलबट्टे से वारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया है। पुलिस ने रक्तरंजित सिलबट्टा बरामद किया है।
गांव के बुजुर्ग किसान सरफराज (70) पर शनिवार की रात हमला किया गया था। उन्हें मरणासन्न हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। बेटे रिजवान ने अपने चाचा अजमतउल्लाह समेत तीन लोगों पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सरफराज की पत्नी अक्लीमुन्निशा और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की गई तो पता चला कि रिजवान पहले से शादीशुदा था, इसके बावजूद वह अपने चाचा अजमतउल्लाह की बेटी से निकाह करना चाहता था। मगर रिजवान के पिता सरफराज इसका विरोध कर रहे थे।
इससे पिता पुत्र में अक्सर झगड़ा होता था। वारदात की रात भी रिजवान अपने पिता सरफराज के पास पहुंचा और हर हाल में चाचा की बेटी से निकाह करने पर अड़ा था। पिता ने विरोध किया तो दोनों की बीच झगड़ा होने लगा। गुस्साए रिजवान ने सिलबट्टा से वारकर पिता को मरणासन्न कर दिया था। सरफराज को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद अजमतउल्ला को फंसाने के इरादे से पुलिस को गुमराह करता रहा।
कड़ाई से पूछताछ में कुबूला जुर्म
परिवार वालों से पूछताछ के बाद पुलिस ने रिजवान को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया कि उसके वालिद चचेरी बहन से होने वाले निकाह का विरोध कर रहे थे। शनिवार की रात उनसे झगड़ा हुआ था। सिलबट्टे से वारकर उनकी हत्या कर दी और आलाकत्ल घर में ही छिपा दिया। एसपी ने बताया कि रिजवान की निशानदेही पर सिलबट्टा बरामद कर लिया गया है।
