
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणधीन जगतपुर बाईपास के पास धैता ताल के पास घायल अवस्था में मिले पुजारी को एक महिला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र त्रिपाठी (50) पुत्र स्वर्गीय श्याम लाल त्रिपाठी जो कि पूजा पाठ का कार्य करते थे।
बताते हैं कि शुक्रवार की रात लगभग 11:30 बजे ग्राम धोता ताल के पास मकान बनवा रही तारा देवी के पास वह पहुंचे और कहा कि मेरी जान बचा लो। इस पर तारा देवी ने डायल 112 को सूचना दी और एंबुलेंस की सहायता से पुजारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया। डॉक्टर लाइक अहमद ने परीक्षण करने के बाद पुजारी को मृत घोषित कर दिया।
पुजारी ने बृहस्पतिवार से ही प्राथमिक विद्यालय जगतपुर के सामने खेल मैदान में श्रीमद्भगवत कथा का आयोजन शुरू किया था। गुरुवार रात 10:30 तक खेल के मैदान में पुजारी उपस्थित थे। उसके बाद वह घर के लिए निकले थे। वहीं, निर्माणाधीन जगतपुर बाईपास पर बाइक व कपड़े मिले। पत्नी उर्मिला त्रिपाठी बड़ा बेटा गौरव घर पर ही थे।
सूचना मिलने पर तुरंत दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचे। छोटा बेटा सौरभ जो गुजरात में रहता है। जानकारी होने पर घर आने के लिए रवाना हुआ है। बड़े बेटे गौरव ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।