रानी कमलापति स्टेशन से ग्वालियर के लिए यात्रा कर रहा था युवक

Trending Videos

– एक्स पर रेलवे से लेकर आइआरसीटीसी को यात्री ने जमकर लताड़ा

संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री के भोजन में कीड़ा निकलने के बाद हंगामा हो गया। यात्री ने इसकी शिकायत रेलवे से की तो बिना निस्तारण शिकायत को बंद कर दिया गया। इसके बाद यात्री ने आइआरसीटीसी से लेकर रेलवे तक को जमकर लताड़ लगाई। लेकिन, यात्रा पूरी करने तक यात्री को दूसरा भोजन नहीं मिला।

वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-4 कोच की बर्थ संख्या 47 पर रानी कमलापति से ग्वालियर के लिए यात्री अभय सेंगर यात्रा कर रहे थे। ट्रेन जब सुबह 8 बजे झांसी पहुंची तो यहां यात्री को नाश्ते के रूप में उपमा का पैकेट दिया गया। जब यात्री ने पैकेट खोला तो उस पर बड़ा कीड़ा रखा हुआ था। इसके बाद यात्री ने खाने का वीडियो बनाया और रेलमंत्री समेत रेलवे और आइआरसीटीसी से एक्स हैंडल पर शिकायत की। यात्री का पारा उस समय और बढ़ गया जब शिकायत पर शत प्रतिशत निस्तारण न करते हुए रेलवे ने उसकी शिकायत निस्तारित बताकर बंद कर दी। इससे यात्री का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उनका कहना था कि जिस उपमा में कीड़ा निकला, वह वेंडर वापस ले गया लेकिन, उसके बदले दूसरा खाना नहीं मिला। यात्री ने सुबह 9 बजे ग्वालियर पहुंचने के बाद एक के बाद एक ट्वीट कर लिखा कि मुझे भूखे ही यात्रा करनी पड़ी। रेलवे का रवैया बहुत ही शर्मनाक रहा है, आप लोग (रेलवे) ऐसे ही बेवकूफ बनाते हैं, बिना निस्तारण शिकायत बंद कर दी। खानपान विक्रेताओं के दबाव के चलते रेलवे इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है। आगे कहा कि टेंडर देने से पहले अधिकारी कोई जांच पड़ताल नहीं करते। हमारा दुर्भाग्य है कि सरकारी अधिकारी भी बिकाऊ हो गए हैं।

छोले की सब्जी में निकला था कीड़ा

बीती 18 जून को ही रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस में भोपाल से आगरा के लिए यात्रा कर रहे यात्री के भोजन में मरा हुआ कॉकरोच निकलने से हंगामा हो गया था। इसके बाद आइआरसीटीसी ने यात्री से माफी मांगी थी और खाना सप्लाई करने वाली फर्म पर जुर्माना भी लगाया था। बावजूद इसके स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

वर्जन

यात्री को दूसरा खाना दिया गया था। मामले की जांच की जा रही है, निश्चित ही वेंडर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आर भट्टाचार्य, क्षेत्रीय प्रबंधक, आइआरसीटीसी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *