कोंच। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचिया ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से युवक के गांव में शोक की लहर फैल गई है।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी शीलू पांचाल (36) मंगलवार की सुबह ग्राम मड़ापुरा, थाना कुठौंद स्थित अपने ससुराल गया हुआ था। ससुराल से लौटते समय वह चचिया ससुर छिद्दू पांचाल को बाइक पर पीछे बैठाकर लकड़ी खरीदने के लिए औरैया जा रहा था। मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे जब दोनों औरैया क्षेत्र में बाइक से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शीलू पांचाल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे छिद्दू पांचाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।

सूचना पर औरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छिद्दू को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं शीलू का शव पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की शाम उसके गांव पहुंचा, जहां परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

घटना के बाद मृतक की पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि शीलू पांचाल पेशे से लकड़ी का फर्नीचर बनाने का मिस्त्री था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *