ताखा। दूसरे समुदाय के युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर नाबालिग छात्रा को अगवा कर लिया। मामला अलग-अलग समुदाय का होने की वजह से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
छात्रा के पिता की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया गया कि 31 दिसंबर की दोपहर करीब तीन बजे छात्रा गांव के बाहर खेत पर कूड़ा डालने गई थी। इस दौरान गांव का ही दिलशाद उसे बाइक से अगवा कर ले गया। काफी देर तक छात्रा के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान परिजन इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां दिलशाद बाइक खड़ी मिली। उक्त बाइक गांव के ही परवेज खां की बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि परवेज खां ने दिलशाद को बाइक देकर अपहरण में मदद की। पीड़ित पिता ने बताया कि अपहरण करीब साढ़े तीन बजे हुआ जबकि साजिश के तहत परवेश खां ने चार बजे ही थाने पहुंचकर बाइक गुम होने की सूचना दी थी। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि छात्रा की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि करीब आठ माह पूर्व इसी गांव में एक छात्रा को कथित रूप से परेशान किए जाने के बाद पुलिस कार्रवाई न होने से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद गांव में बवाल हुआ था। इस पृष्ठभूमि के चलते ताजा घटना से गांव में फिर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
