
तहसील परिसर में अपनी मांगाें को लेकर धरना देते लेखपाल और कानूनगो।
– फोटो : तहसील परिसर में अपनी मांगाें को लेकर धरना देते लेखपाल और कानूनगो।
कासगंज। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने शनिवार को सदर तहसील में धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश लेखपालों के खिलाफ एंटी करप्शन टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध किया गया। लेखपालों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कोमल पवार को दिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का फील्ड कर्मचारी है। इनका सीधा संबंध जनता से होता है। जनता की भूमि विवाद सहित अधिकांश समस्याओं संबंधित निस्तारण के लिए लेखपाल के पास आते हैं। दो पक्षों के विवाद के निस्तारण में एक पक्ष अंसतुष्ट होना स्वाभाविक है। ऐसे में एक दूसरा पक्ष लेखपाल से दुश्मनी ठान लेता है। ऐसे में लेखपालों के खिलाफ साजिश करके एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़वाने की प्रवृत्ति में बढ़ोत्तरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि एंटी करप्शन की टीम द्वारा लेखपालों का उत्पीड़न न किया जाए। साथ ही अन्य मांगों को मुख्यमंत्री से पूरे किए जाने की मांग की है। अशोक वर्मा, नीलम सिंह, अवधेश कुमार, मुहम्मद आरिफ, सतीश चंद्र, प्रदीप सक्सेना, डॉली सोलंकी, राहुल सिंह सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
राजस्व निरीक्षक संघ ने दिया समर्थन
उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ ने एंटी करप्शन, विजिलेंस टीम द्वारा लेखपाल, राजस्व निरीक्षक को साजिशन झूठा फंसाए जाने की नियत से जबरन ट्रैप की कार्रवाई की जा रही है। राजस्व निरीक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ने राजकुमार सोलंकी ने बताया कि एंटी करप्शन की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को राजस्व निरीक्षक संघ द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिले के सभी तहसीलों में राजस्व निरीक्षक सुबह 10 से दो बजे तक कार्य बहिष्कार पर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।