अमेठी सिटी। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में युवती को खौलते तेल से जलाने के आरोपी युवक को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। साथ ही मंगलवार को पुलिस पीड़िता का कोर्ट में बयान कराने की तैयारी में है।
भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में जलने के बाद एक महिला उसके घर के पास छोड़ कर फरार हो गई थी। मामले में पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर दो महिलाओं व एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
इसी सिलसिले में सोमवार को पुलिस ने जामो मोड़ के पास नामजद आरोपी गौरीगंज थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार निवासी सूरज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक झुलसी युवती की हालत सामान्य होने के बाद मंगलवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी है। हालांकि युवती के झुलसने व दो माह पहले घर से लापता होने सहित कई सवालों के जवाब फिलहाल पुलिस तलाश रही है।
एसओ तनुज पाल ने बताया कि नामजद आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। युवती का बयान काेर्ट में दर्ज होने के बाद मामले में प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर जांच पूरी करते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
