
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत के गजरौला इलाके में खेत पर गई महिला से छेड़खानी करने के आरोपी युवक की रस्सी से हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। महिला के परिजन पीटते हुए उसे पुलिस चौकी ले जा रहे थे, रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। इस पर महिला के परिजन उसे छोड़कर फरार हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गजरौला क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला बुधवार शाम करीब चार बजे खेत पर गई थी। आरोप है कि इस दौरान गांव का ही अनिल उर्फ छोटे भी वहां पहुंच गया। वह छेड़खानी करने लगा। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो पड़ोस के ही खेत में काम कर रही उसकी बहन और बेटा मौके पर पहुंचे। इस पर आरोपी फरार हो गया।
आरोपी को घसीटते हुए ले जा रहे थे पुलिस चौकी
घर पहुंचकर महिला ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। गुस्साए परिजन आरोपी की तलाश में निकले, कुछ देर बाद ही आरोपी को उन्होंने पकड़ लिया। इसके बाद रस्सी से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। वह हाथ-पैर बांधकर घसीटते हुए उसे गजरौला थाने की सुहास चौकी ले जा रहे थे। गांव के बाहर पहुंचते ही युवक की मौत हो गई।
