संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चिटफंड कंपनी एलयूसीसी के जरिये आमलोगों की जमा पूंजी धोखाधड़ी पूर्वक जमा कराकर हड़पने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। थाना नाराहट में दर्ज मुकदमे में आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
थाना नाराहट के गौना निवासी गुड्डी ने तहरीर दी थी। बताया था कि एलयूसीसी अभिकर्ता सोन सिंह अहिरवार निवासी ग्राम धमकना ने धोखाधड़ी पूर्वक एलयूसीसी कंपनी में एक वर्ष तक छह हजार रुपये प्रतिमाह जमा करवाया था। पॉलिसी पूरी होने पर रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी अभिकर्ता सोन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर अमझरा मंदिर तिराहा के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसमें वे लोग एलयूसीसी कंपनी में निवेश करने के लिए लोगों को लालच देते हैं। उक्त कंपनी के कार्यालय प्रदेश के कई जिलों व अन्य राज्यों में हैं। लोगों को गुमराह कर पांच वर्ष में धन दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये निवेश करा चुके हैं।
यह था मामला : गौना निवासी गुड्डी के मुताबिक एक-डेढ़ साल पूर्व सोन सिंह निवासी धमकना उसके पास आया था। एलयूसीसी कंपनी में एक साल तक रुपये जमा करने पर अधिक लाभ होने की बात कही। यह भी भरोसा दिया कि कंपनी के भागने की स्थिति में वह उसका रुपया वापस करेगा। एक साल के लिए 6 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से आरडी खोली, जिसकी परिपक्वता 30 जून को थी और उसे 76 हजार रुपये मिलने थे। जब उसने अभिकर्ता से रुपये मांगे तो वह टाल मटोल करने लगा। वह 5 अगस्त को आरोपी के घर गई तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
