संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यात्री सुविधा में बढ़ोतरी के साथ ही युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए रेलवे अब एजेंट के जरिए जनरल टिकट बेचेगा। इसमें झांसी मंडल के 32 स्टेशनों का चयन किया गया है। जहां दो रुपये कमीशन पर एजेंट जनरल टिकट बेचेंगे।
ट्रेन के जनरल टिकट अब प्राइवेट एजेंट बेचेंगे। झांसी मंडल के एनएसजी 5 और एनएसजी 6 श्रेणी के स्टेशनों पर टिकट बेचने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यहां टिकट बेचने वाले एजेंट को एक टिकट पर दो रुपये का कमीशन रेलवे की ओर से दिया जाएगा। मंडल के आगासोद, अकोना, बदौसा, बरुआसागर, बिजौली, बिजरौठा, चिरगांव, दैलवारा, दुरियागंज, डिंगवई, करारी, करोंदा, कोटरा, मोहासा, मुस्तरा, नंदखास, ओरछा, रोरा, शिवरामपुर, ऊसरगांव, अतर्रा, हरपालपुर, मऊरानीपुर, बबीना, भिंड, भरुआ सुमेरपुर, घाटमपुर, रागौल, बेलाताल, कुलपहाड़, कालपी, तालबेहट स्टेशन पर एजेंट तैनात किए जाएंगे।
एनसीजी 5 और 6 श्रेणी के स्टेशनों पर जनरल टिकट की बिक्री के लिए कमीशन पर एजेंट को टिकट बिक्री की जिम्मेदारी दी जा रही है। इसमें मंडल के 32 स्टेशन शामिल हैं।
मनोज कुमार सिंह, मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी, झांसी।
