आगरा के सदर के इंदिरापुरम कॉलोनी में 32 वर्षीय सराफा कारीगर सौरभ वर्मा ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से रस्सी काट कर नीचे उतारा। एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आर्थिक तंगी के कारण सौरभ के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
मूल रूप से ताजगंज निवासी सौरभ वर्मा सराफा प्रतिष्ठान में काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बच्ची है। सौरभ की तीन माह पूर्व नौकरी चली गई थी। वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। तीन माह से किराया भी नहीं दिया था। मंगलवार सुबह पत्नी से छोले भटूरे खाने की इच्छा जाहिर की और उसे बाजार भेज दिया। पत्नी जब लौट कर आई तो वह फंदे पर लटके हुए थे। शोर मचाने पर पड़ोसी आ गए।
पत्नी ने चाकू से रस्सी काट कर उन्हें फंदे से उतारा और एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। भाई अपनी विधवा बहन के साथ रहते हैं। इंस्पेक्टर सदर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।