कॉलेज से निकलते समय कोई पीछा करे। ऑटो में बैठने के दौरान गलत तरीके से छूने का प्रयास करे। कॉल करके परेशान करे या फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करे तो घबराएं नहीं और न ही चुप बैठें। अभिभावक या शिक्षक से शिकायत करें और न कर सकें तो घर बैठे हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 पर कॉल करें। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। ये बातें शुक्रवार को बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय में एसीपी सदर इमरान अहमद ने छात्राओं से कहीं। वह अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में बोल रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने बताया कि जब हम स्कूल से निकलते हैं तो कुछ अराजकतत्व कॉलेज की दीवार पर गलत बातें लिख देते हैं। ऐसे में क्या करना चाहिए। एसीपी ने बताया कि वह अपने कॉलेज प्रबंधन से इस बारे में बात करें। कोई व्यक्ति किसी तरह का विज्ञापन लगा रहा है तो उसे कॉलेज से अनुमति लेना आवश्यक है। अगर कोई आपत्तिजनक बातें लिख रहा है तो कॉलेज प्रबंधन के माध्यम से पुलिस की मदद से कार्रवाई कराई जा सकती है।
एक छात्रा ने कहा कि जब हम ऑटो में बैठते हैं तो कुछ चालक हाथ पकड़कर खींचने लगते हैं। सीट पर कई लोग बैठ जाते हैं। इससे परेशानी होती है। इस पर एसीपी ने कहा कि ऑटो चालक गलत हरकत करें तो पुलिस से शिकायत जरूर करें। उसकी फोटो खींच लें और ऑटो का नंबर नोट कर लें। शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपनी ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजेगी। 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लें।
एसीपी ने छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस अधिकारी बनकर कॉल करते हैं। डिजिटल अरेस्ट कर धोखाधड़ी करते हैं। पुलिस कभी फोन पर गिरफ्तारी करने की बात नहीं करती है। अगर इस तरह का कॉल आए तो तुरंत काट देना चाहिए। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल जरूर करें। सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। आपकी आवाज, वीडियो और फोटो के माध्यम से साइबर अपराधी ठगी कर सकते हैं।
छात्राओं को किया गया सम्मानित
विद्यालय की शिक्षिका विनीता गुप्ता ने कहा कि सभी को साइबर अपराध से सावधान रहने की जरूरत है। पुलिस भी पीड़ितों को तत्काल न्याय दिलाए। पुलिस और जनता के बीच मित्रता का भाव होना चाहिए। इस अवसर पर अमर उजाला की ओर से छात्रा अंशु, कोमल, दिया जैन, धानी को सम्मानित किया गया। पाठशाला में प्राचार्या पूनम सिंह, संगीता त्यागी, प्रोफेसर राधा रानी, प्रोफेसर पूनम गुप्ता, पूनम शर्मा, शालिनी, डॉ. ज्योति, गरिमा, डाॅ. कामना धवन, डाॅ. शिखा जैन, डाॅ. श्वेता मौजूद रहीं।
