आगरा के थाना एकता क्षेत्र में ऑटो में बैठकर जा रही बहनों को ऑटो गैंग की महिलाओं ने शिकार बना लिया। बातों में उलझाकर उनकी सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी कर ली। चालक ने दोनों को रास्ते में ही उतार दिया। बैग चेक करने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कहरई, शमसाबाद रोड निवासी विनीता ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी बहन के साथ देवरी रोड, सैमरी मोड़ जा रही थीं। कहरई मोड़ से एक हरे रंग के ऑटो में सवार हुईं, जिसमें पीछे की सीट पर पहले से तीन महिलाएं बैठी थीं। रास्ते में कहरई गांव के आगे बहन की गले में पहनी सोने की चेन टूटने की बात कहकर उसे पर्स में रखवा दिया गया। इसके बाद नगला कली बगीची पर ऑटो चालक ने यह कहकर उतार दिया कि आगे दूसरे ऑटो मिल जाएंगे और किराया भी नहीं लिया।
दूसरे ऑटो में बैठकर पर्स खोला तो सोने की चेन और मंगलसूत्र गायब थे। पीड़िता ने ऑटो चालक व तीनों महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
