मंटोला नाला की टैपिंग के लिए शाहजहां गार्डन से पुरानी मंडी तक डाली जा रही सीवर लाइन के लिए किए गए ट्रैफिक डायवर्जन का बोझ माल रोड नहीं झेल पा रही है। सेामवार को भी सुबह दस बजे से देर शाम तक माल रोड पर वाहन रेंगते रहे। ताजमहल और किला घूमने आए पर्यटकों के साथ क्षेत्रीय लोग जाम में फंसने से परेशान रहे। यातायात पुलिस के इंतजाम फेल नजर आए। फतेहाबाद रोड पर निर्माण कार्य के चलते वाहनों की कतारें लगी रहीं।

नमामि गंगे परियोजना में मंटोला नाले की टैपिंग और 1400 मिमी व्यास की राइजिंग मेन बिछाने के कार्य के कारण पुरानी मंडी चौराहा से शाहजहां पार्क तक की सड़क 9 फरवरी तक बंद की गई है। 900 मीटर सड़क का हिस्सा एकल मार्ग (वन-वे) के रूप में संचालित किया जा रहा है। ताजमहल से किले की ओर जाने वाले वाहन माल रोड होकर निकल रहे हैं, जिससे वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है।

इस वजह से बालूगंज चौकी चौराहा से लेकर छीपीटोला, बिजलीघर बस अड्डा रोड पर दिन भर जाम के हालात रहे। वाहन चालकों को छह किमी की दूरी तय करने में एक घंटे से अधिक समय लगा। सोमवार को पुलिस आयुक्त निवास से बिजलीघर बस अड्डे तक वाहनों को रेंग कर निकलना पड़ा। फूल सैयद चौराहे से एएसआई कार्यालय की ओर जाम के हालात बने रहे।

डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि वाहनों की अधिकता के कारण यातायात धीमी गति से चलता रहा। पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर यातायात सुचारु रख रही हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *