मेट्रो के पिलर बनाने के लिए अवंतीबाई चाैराहे से प्रतापपुरा के बीच बैरिकेडिंग लगा दी गई है। वाहनों को डायवर्ट कर निकाला जा रहा है। इससे डायवर्जन पॉइंट पर जाम लग रहा है। प्रतापपुरा से बालूगंज और प्रधान डाकघर की तरफ जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण से समस्या हो रही है। डायवर्जन से लोगों को न सिर्फ लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, बल्कि जाम की वजह से पांच मिनट की जगह 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है। इससे लोगों को दोहरी परेशानी हो रही है।
एमजी रोड पर भगवान टाॅकीज से अवंतीबाई चाैराहे तक मेट्रो का काम चल रहा है। बृहस्पतिवार से अवंतीबाई चाैराहा और प्रतापपुरा के बीच बैरिकेडिंग कर दी गई। यह रास्ता काफी संकरा है। इसको देखते हुए रूट डायवर्ट किया गया है। साईं का तकिया की तरफ से सदर आने-जाने वाली कारों और सिटी बसों को प्रतापपुरा से बायीं ओर मोड़कर बालूगंज से पहले प्रधान डाकघर की तरफ से माल रोड होते हुए निकाला जा रहा है। वहीं सदर से साईं का तकिया की तरफ जाने के लिए कैंट चाैराहा, नामनेर होते हुए मार्ग सुनिश्चित किया गया है।
रूट डायवर्जन की वजह से वाहनों को 1.5 किलोमीटर तक की अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं मार्ग पर अतिक्रमण होने की वजह से पीक आवर्स में जाम भी लग रहा है। शुक्रवार को प्रतापपुरा से डाकघर जाने वाले मार्ग पर दो घंटे तक ट्रैफिक रेंग-रेंगकर चला। डायवर्जन पाॅइंट पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही मेट्रो के मार्शल भी लगे हुए हैं। वो झंडी दिखाकर वाहनों को निकालते हैं मगर वाहनों की लाइन लगने पर कुछ नहीं करते। एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
एमजी रोड पर धाकरान से सुभाष पार्क तक वाहनों की लाइन
शुक्रवार दोपहर ढाई बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद एमजी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इस कारण कलेक्ट्रेट से सुभाष पार्क की तरफ जाने वाले रास्ते पर वाहनों की लाइन लग गई। धाकरान पर बैरिकेडिंग लगी होने की वजह से रास्ता संकरा हो गया है। सड़क पर गड्ढे भी हैं। इससे परेशानी बढ़ गई है। इससे दिनभर वाहनों की लाइन लगी रही। इसी तरह सेंट जोंस से राजामंडी के बीच भी दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक वाहन फंसे रहे।
