आगरा के सदर बाजार की चाट गली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को 6 दिन बीत चुके हैं। अब तक यहां काउंटर लगाने वालों की रोजी-रोटी बहाल नहीं हो सकी है। दर्जनों परिवार परेशान हैं। परिषद की ओर से न तो कोई अधिकारी निरीक्षण के लिए आया और न ही वैकल्पिक व्यवस्था पर बातचीत की गई। ऐसे में उनके रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।
आगरा सदर व्यापारी एसोसिएशन की अध्यक्ष आशा कपूर ने बताया कि वर्षों से प्रति दिन 220 रुपये तहबाजारी शुल्क जमा करने के बावजूद काउंटरों को अचानक अवैध बताते हुए हटवा दिया गया। यदि काउंटर अवैध थे तो परिषद शुल्क क्यों लेती रही, बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई करना गलत है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को छावनी परिषद के सीओ के निरीक्षण की बात तय थी लेकिन वो नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि बातचीत कर समाधान निकाला जाए। सदर चाट गली का सौंदर्यीकरण का उद्देश्य सही है, इसमें काउंटर के सभी लोग सहमति भी दे रहे हैं। मगर, जो तरीका अपनाया गया वह गलत है।
