
Agra: सीवर लाइन के लिए खोदाई, लोगों की जान पर बन आई
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ताजनगरी आगरा में दयालबाग के अमर विहार रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए एक महीने पहले सड़कों की खोदाई शुरू की गई, लेकिन जलनिगम ग्रामीण के इंजीनियरों की लापरवाही के चलते लोगों की यहां जान पर बन आई है। अमर विहार रोड पर सड़कों की खोदाई के बाद बारिश होने पर कीचड़ से लोग जूझ रहे हैं तो अन्य दिनों में वाहनों के निकलने पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं।
ठेकेदार कंपनी विश्वराज एनवायरमेंट प्रा. लि सीवर लाइन की गहरी खोदाई के दौरान लोगों को गड्ढे में गिरने से बचाने के लिए बैरिकेडिंग भी नहीं कर रही है। अमर विहार रोड से होकर दयालबाग क्षेत्र के 14 स्कूलों में बच्चे स्कूल बस और दो पहिया, चार पहिया वाहनों से निकलते हैं। बेहद व्यस्त मार्ग पर चल रही सड़कों की खोदाई के कारण न केवल जाम लग रहा है, बल्कि गड्ढों में वाहन भी फंस रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः- माफिया का अड्डा बनता जा रहा कासगंज: पैसा, नाम और अय्याशी की चाहत में युवा बन रहे देश और समाज के दुश्मन
लोगों ने बारिश में सीवर लाइन की गहरी खोदाई करने पर आपत्ति की थी, लेकिन ठेकेदार ने इसे जारी रखा, जबकि नगर निगम ने मानसून में खोदाई पर रोक लगा रखी है। डीएम ने एडीएम सिटी से एनओसी लेने के बाद ही खोदाई के आदेश दिए हैं। क्षेत्रीय निवासी राकेश कुमार और रामवीर सिंह ने बताया कि खोदाई के दौरान ठेकेदार रोड बंद कर देते हैं। बच्चों को स्कूल ले जाने में कई बार स्कूटी गड्ढों में फंस गई।
यह भी पढ़ेंः- Agra: राधा स्वामी सत्संग सभा ध्वस्तीकरण मामला, याचिका पर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई; पढ़ें कोर्ट ने क्या कहा?
बताया कि बच्चे स्कूल जाने में इस वजह से लेट हो रहे हैं। बसों के पहिए गड्ढों में फंस रहे हैं। इस मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि सड़कों की खोदाई का काम पूरा होने के बाद मोटरेबल बनाने का काम किया जाएगा। धूल न उड़े, इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।
