आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में शाहदरा चौकी से करीब 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे करंट लगने से एक भैंस मर गई। पशुपालक बाल-बाल बचा। घटना से आक्रोशित लोगों ने टोरंट पावर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब दो घंटे तक हंगामा किया। हालांकि कंपनी ने निजी टेलीकॉम कंपनी के टावर में लगे केबल में करंट की वजह से हादसा बताया है।
बजरंग नगर, शाहदरा निवासी महावीर सिंह ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपनी दो भैंस को खेत की ओर ले जा रहे थे। निजी संचार कंपनी के टावर के पास सड़क किनारे अचानक करंट फैल गया। जिसकी चपेट में आने से एक भैंस मर गई। दूसरी भैंस किसी तरह भागकर बच निकली। उन्हें भी करंट लगा, लेकिन वह बच गए।
हादसे की जानकारी पर आसपास के लोग जुट गए। टोरंट पावर की लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। मुआवजे की मांग करते हुए लोगों ने करीब दो घंटे हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और क्षेत्रीय पार्षद विजय वर्मा ने पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं टोरंट पावर के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि सूचना पर कंपनी की एक टीम मौके पर गई थी। जांच के दौरान पता चला कि घटनास्थल के नजदीक लगे निजी कंपनी टावर के केबल में फॉल्ट था। पैनल से करंट वापस आने के कारण घटना हुई है। विस्तृत जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
