मैनपुरी। विकासखंड घिरोर की कोसमा मुसलमीन ग्राम पंचायत के मजरा ढकरई में एक डेंगू पीड़ित महिला ने उपचार के बाद दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी तरफ जिला अस्पताल की जांच में दो नए डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इन्हें जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ रही। ढकरई निवासी विजय पाल शंखवार की 40 वर्षीय पत्नी मंजू देवी को दो दिन से बुखार आ रहा था। परिजन कस्बा घिरोर में करहल रोड पर एक निजी क्लीनिक पर उसका उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार की रात परिजन उन्हें लेकर संबंधित क्लीनिक पर पहुंचे यहां उपचार शुरू होते ही मंजू देवी की मौत हो गई। मंजू की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। यहां 1035 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में बृहस्पतिवार को कराई गई जांच में भोगांव के गांव विनोदपुर निवासी राजवीर की 23 वर्षीय पुत्री दीपाली, शहर के मोहल्ला कटरा निवासी राजकुमार की 23 वर्षीय पत्नी रूबी डेंगू पॉजिटिव निकली। दोनों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।

तीन दिन में दो महिलाओं की मौत से लोग दहशत में

घिरोर। क्षेत्र में बुखार के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। पिछले तीन दिन में डेंगू से पीड़ित दो महिलाओं की मौत के बाद लोग दहशत में हैं। क्षेत्र में कई लोग डेंगू की चपेट में हैं जो झोलाछाप और मेडिकल स्टोरों पर ही अपना उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। गांवों की सफाई व्यवस्था पर भी काई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *