संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Sat, 21 Oct 2023 12:28 AM IST
सोरोंजी। तीर्थनगरी के लहरा रोड पर संचालित गोशाला में शुक्रवार को 4 गायों की मौत के मामले ने गोशाला की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी, कि गोशालाओं में रखीं गायों को पर्याप्त चारा नहीं मिल पा रहा। बृहस्पतिवार को कर्मचारियों की लापरवाही से गायों को चारा नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह जब गायों के लिए गोशाला के खुले मैदान में चारा डाला गया तो गायें चारे की ओर दौड़ पड़ी। इस दौरान चार कमजोर गाय भगदड़ में फंसकर गिरी और उनकी मौत हो गई। नगरपालिका ने मरी गायों को जेसीबी से उठाकर दफनवा दिया, लेकिन इसका वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही खलबली मच गई। प्रशासन के द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है। गोशाला में 200 से अधिक गोवंश रखे गए हैं। नगरपालिका पर इस गोशाला के संचालन की जिम्मेदारी है, लेकिन पर्याप्त चारा गायों को उपलब्ध नहीं हो पा रहा। बताया गया कि बृहस्पतिवार को गोशाला में पूरे दिन गायों को खाने के लिए कुछ नहीं दिया गया। गायें भूख से तड़प रहीं थीं। गायों के लिए हरा चारा सुबह एक बुग्गी में लदकर लाया गया। यह चारा गायों की नाद में डालने की बजाए खुले में डाल दिया गया। यह देख गायों के बीच भगदड़ मच गई। भगदौड़ के दौरान कमजोर गाय गिर गईं और अन्य गोवंशों के खुर से दबती चली गईं। इस दौरान चार गाय मरी, वहीं कई गायें घायल हुई। इस मामले में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि कर्मियों की लापरवाही की जानकारी जुटाई जा रही है। गायों को चारा क्यों नहीं मिला इसकी भी जांच होगी। क्यों कि चारे की उपलब्धता गोशाला में है।
– गोशाला में गोवंशों की मौत की जानकारी मिली है। इस मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आते ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।- डा. वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी।
