दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा बाईपुर कट के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। कार सवार पिता-पुत्र ने कार से कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। इस दाैरान हाईवे पर लंबा जाम लगा।
शाहगंज निवासी कारोबारी अकबर अपने पिता इसरार अहमद के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से लौट रहे थे। बाईपुर तिराहा से आगे उनकी कार में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक उन्हें पता चला तब तक कार का पूरा पिछला हिस्सा चपेट में आ गया। अकबर ने तुरंत कार को किनारे रोका। वह और पिता इसरार कार से कूद गए। आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया।
पहले स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की तीव्रता बढ़ने पर फ्यूल टैंक में धमाका होने के डर से लोग कार के पास जाने से डरने लगे। सूचना मिलने पर शास्त्रीपुरम स्टेशन से फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाया।
अकबर ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही कार की सर्विसिंग कराई थी। इंजन के काम में कोई कमी रह जाने से आग लगी है। इंस्पेक्टर सिकंदरा का कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। कार को किनारे कर यातायात सुचारू कराया गया। इसका वीडियो भी किसी ने वायरल किया।
