आगरा के थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र के सुदामापुरी इलाके में शनिवार सुबह एक कंपाउंडर ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजन का आरोप है कि पांच साल पुराने मामले में अचानक तीन लाख रुपये की रिकवरी नोटिस मिलने से मृतक मानसिक दबाव में आ गया था। परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
बघेल बस्ती, सुदामापुरी नारायच निवासी रवि पुत्र रमेश चंद की शादी करीब 10 वर्ष पहले नया बांस, अछनेरा निवासी मीना से हुई थी। रवि संजय प्लेस स्थित एक नर्सिंग होम में कंपाउंडर की नौकरी करता है। मृतक के पिता रमेश चंद ने बताया कि कि करीब पांच साल पहले पत्नी ने दहेज और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में रवि शुक्रवार को न्यायालय में पेशी के लिए गया था।
वहां उसे तीन लाख रुपये की रिकवरी का नोटिस मिला, जिसकी उसे पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे मां सुनीता ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब कमरे के अंदर देखा, तो बेटा फंदे पर लटका हुआ था। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
