आगरा के पिनाहट कस्बा बाजार में शनिवार सुबह उस समय चीख-पुकार मच गई, जब गिट्टी से लदा एक ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। गनीमत रही कि ट्रक किसी दुकान या राहगीर से नहीं टकराया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस घटना के बाद बाजार में करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और लंबा जाम लग गया।
थाना मनसुखपुरा क्षेत्र से अवैध रूप से ओवरलोड गिट्टी भरकर ट्रक पिनाहट बाजार से होकर गुजर रहे हैं। शनिवार सुबह अंबेडकर तिराहे के पास एक ट्रक का रिम बोल्ट अचानक टूट गया। रिम टूटते ही भारी-भरकम ट्रक अनियंत्रित होकर लहराने लगा, जिसे देख बाजार में मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
पापरी नागर हादसे को भूले जिम्मेदार
ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि करीब पांच माह पूर्व मनसुखपुरा के पापरी नागर के पास ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया था, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। उस भीषण हादसे के बाद कुछ दिन तो सख्ती रही, लेकिन अब फिर से ये सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों से ओवरलोड ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाए।