कासगंज। पटियाली के जिनौल के निकट बाइक भिड़ंत में पति की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और साला घायल हो गए। दोनों को अलीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।अलीगढ़ के दादों क्षेत्र के कासिमपुर निवासी मुकेश (40) अपनी पत्नी सरोज (38) एवं साला धर्मेंद्र (28) निवासी जखेरा ढोलना के साथ बाइक पर पटियाली के लाहोरी नगला में अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था। रविवार की देर रात वह बाइक पर वापस लौट रहा था। तभी जिनौल के निकट सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे तीनों जमीन पर गिर पडे। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को रेफर कर दिया। जब घायलों को अलीगढ़ ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में मुकेश की मौत हो गई। परिजन एवं रिश्तेदार शव को वापस ले आए। पुलिस को मौत हो जाने की सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
