प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के कथित अमर्यादित आचरण और देश विरोधी नारेबाजी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को बड़ा प्रदर्शन किया। भाजयुमो ब्रज क्षेत्र के मंत्री मनीष गौतम एवं ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी।
इस दाैरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने कुछ दूरी पर रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस कार्यालय के सामने जाने की कोशिश करने के दाैरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।
भाजयुमो के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। मांग की गई कि भारत मंडपम जैसी गरिमामयी जगह पर देश विरोधी नारेबाजी करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर तत्काल देशद्रोह की कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित, जिलाध्यक्ष हरिओम रावत, महानगर महामंत्री संचित कुलश्रेष्ठ, मनीष साहू, उपाध्यक्ष गोगा मौर्या, गोविंद कुशवाह, अजय वशिष्ठ आदि माैजूद रहे।
