कासगंज (अजय झंवर)। गंगा ने कछला ब्रिज पर लगे मीटर गेज के हिसाब से चेतावनी बिंदु को वर्ष 2013 में पार किया था। उस समय बाढ़ से बड़ी तबाही हुई, लेकिन इस बार गंगा चेतावनी बिंदु के नीचे बह रही है और तबाही का सिलसिला जारी है। मीटर गेज के अनुसार, बाढ़ का आकलन कर पाना मुश्किल है। क्योंकि बैराजों से आने वाला डिस्चार्ज मीटर गेज पर आने से पहले ही तटवर्ती इलाकों में फैल जाता है। इससे सही और सटीक आकलन नहीं हो पाता। इस बार भी ठीक ऐसा ही हुआ है। जिले में हाई फ्लड लेवल की बाढ़ है, लेकिन मीटर गेज में मामूली इजाफा हुआ है।
शनिवार को गंगा 164.05 मीटर के निशान पर सुबह 8 बजे बह रही थी। गंगा के जलस्तर में पिछले 24 घंटों में केवल 5 सेंटीमीटर का ही इजाफा हुआ। कछला ब्रिज पर चेतावनी का निशान 164.20 पर है। अभी गंगा करीब 15 सेंटीमीटर चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही है, लेकिन बाढ़ के हालात विकराल बने हुए हैं। नरौरा बैराज से छोड़े जाने वाले प्रवाह के मुताबिक, हाई फ्लड की स्थिति है, लेकिन कछला ब्रिज पर हाई फ्लड की स्थिति 165.20 मीटर पर दर्शाई गई है। ऐसी स्थिति में गेज मीटर से बाढ़ का सही अनुमान नहीं लग पाता। गंगा में सर्वाधिक पानी वर्ष 2013 में 20 जून को आया था। उस समय गंगा ने चेतावनी बिंदु को क्रॉस किया था। केवल 10 सेंटीमीटर ऊपर ही चेतावनी बिंदु से गंगा का जलस्तर बढ़ा था। गंगा का चेतावनी बिंदु 164.20 मीटर के निशान पर है। जबकि 2013 में जलस्तर 164.30 मीटर के निशान पर पहुंचा था।
सिंचाई विभाग के अवर अभियंता संजय शर्मा का कहना है कि कछला में जब गंगा 163.80 मीटर के निशान पर पहुंचती है तो यह माना जाता है कि गंगा का रिवरपैड फुल है। इसके बाद मीडियम फ्लड की स्थिति बन जाती है। उन्होंने बताया कि ब्रिज पर लगे हाई फ्लड लेवल के निशान का अभिप्राय इस बात से है कि जब भी कोई बांध का निर्माण होगा तो इस ऊंचाई से एक मीटर ऊंचा बांध बनाया जाएगा, जिससे गंगा के पानी रोका जा सके।
मीटर गेज पर जलस्तर की स्थिति
– 163.80 मीटर के निशान पर- मीडियम फ्लड
– 164.20 मीटर के निशान पर- चेतावनी बिंदु
-165.20 मीटर हाई फ्लड
बैराजों के डिस्चार्ज से किया जाता है आकलन
नो फ्लड- 30000 क्यूसेक तक।
साधारण फ्लड- 30000 से एक लाख क्यूसेक तक।
लो फ्लड- एक लाख से डेढ़ लाख क्यूसेक तक।
मीडियम फ्लड- डेढ़ लाख से ढाई लाख क्यूसेक तक।
डेंजर फ्लड- ढाई लाख से तीन लाख क्यूसेक तक।
हाई फ्लड- तीन लाख क्यूसेक से अधिक।