संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Wed, 20 Dec 2023 11:58 PM IST
कासगंज। मार्गशीर्ष मेला के दौरान मोक्षदा एकादशी एवं द्वादशी गंगा स्नान पर्व पर 22 एवं 23 दिसंबर को यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। हरि की पौड़ी, लहरा व कछला गंगाघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचते हैं। इस दौरान जाम की स्थिति बन जाती है। एसपी सौरभ दीक्षित ने यातायात व्यवस्था में सहयोग की लोगों से अपील की है।बदायूं-बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बदायूं से कादरगंजपुल थाना सिकंदरपुर वैश्य होकर निकाला जाएगा। ये वाहन जिले की सीमा से एटा होकर निकलेंगे। एटा की ओर से आने वाले वाहनों को सौरभ ढाबा से डायवर्ट कर मंडी तिराहा होते हुए निकाला जाएगा। यह वाहन अमांपुर, सहावर, गंजडुंडवारा होते हुए बदायूं की सीमा में प्रवेश करेंगे। वहीं हाथरस से बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को नदरई तिराहा से होते हुए सौरभ ढाबा से डायवर्ट कर मंडी तिराहा से निकाला जाएगा। यह वाहन अमांपुर, सहावर गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंजपुल से बदायूं की सीमा में प्रवेश करेंगे।
