आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने स्नातक एवं परास्नातक द्वितीय सेमेस्टर (अप्रैल-मई-2026) की मुख्य परीक्षाओं के बारे में निर्देश जारी किए हैं। सभी छात्र-छात्राओं को समर्थ पोर्टल के माध्यम से समय से परीक्षा आवेदनपत्र भरना अनिवार्य किया गया है।
सहायक नोडल अधिकारी समर्थ पोर्टल प्रो. मनु प्रताप ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत संचालित स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के द्वितीय सेमेस्टर के नियमित एवं भूतपूर्व छात्र-छात्राएं मुख्य परीक्षा के आवेदन पत्र समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को अपने लॉगइन आईडी से पोर्टल पर प्रवेश कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन भरने के बाद संबंधित कॉलेज की ओर से उसे एडमिन और वेरिफाई किया जाएगा। जिसके बाद परीक्षा शुल्क जमा किया जा सकेगा। साथ ही विद्यार्थियों को कोर्स चयन की प्रक्रिया समझाने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से यूट्यूब लिंक भी जारी किया गया है। निर्देश में बताया गया है कि यदि किसी छात्र को आवेदन में समस्या आती है, तो वह निर्धारित ईमेल आईडी पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा सेमेस्टर (2, 4, 6 व 8) की पुनर्परीक्षाओं के आवेदन विश्वविद्यालय से जारी लिंक के माध्यम से भरे जाएंगे।
