दो विषयों में पीएचडी भी कर सकेंगे छात्र-छात्राएं, इसी सत्र से प्रवेश शुरू

Trending Videos

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध तीन कॉलेजों में आठ नए मास्टर कोर्स शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही दो नए विषयों में पीएचडी भी शुरू होगी। सत्र 2024-25 में ही कोर्स और पीएचडी में निर्धारित सीटों पर प्रवेश होंगे।

केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में मौजूदा समय में 18 मास्टर कोर्स चल रहे हैं। इसमें देश भर के छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। अब आठ नए कोर्स शुरू होने के बाद कृषि विश्वविद्यालय में मास्टर कोर्सों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। डीन एकेडमिक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री में एमएससी प्लांटेशन स्पाइसेस मेडिशनल एंड एरोमेटिक क्रॉप्स कोर्स शुरू किया गया है। इसमें दो सीटें हैं। इसके साथ ही फॉरेस्ट प्रोडक्ट यूटिलाइजेशन विषय से पीएचडी भी कर सकेंगे। इसमें भी दो सीटें हैं।

इसके अलावा, कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एजुकेशन विषय में दो सीट पर पीएचडी कर सकेंगे। कॉलेज ऑफ वेटनरी साइंस में पांच नए मास्टर कोर्स शुरू होंगे। इसमें एमवीएससी वेटनरी बायोकेमिस्ट्री, एमवीएससी वेटनरी एनाटॉमी, एमवीएससी वेटनरी माइक्रोबायोलॉजी, एमवीएससी वेटनरी एनिमल जेनेटिक्स एंड ब्रीडिंग और एमवीएससी लाइव स्टॉक प्रोडक्शन एंड मैनेजमेंट शामिल हैं। इन सभी कोर्सों में दो-दो सीटें हैं। कॉलेज ऑफ फिशरीज में एमएससी फिशरीज रिसोर्स मैनेजमेंट और एमएससी फिशरीज एक्वा कल्चर कोर्स शुरू होगा। इन दोनों कोर्सों में चार-चार सीटें हैं। मौजूदा सत्र में ही इन सभी कोर्सों और पीएचडी की सीटों पर प्रवेश होंगे।

वर्जन

पहले बोर्ड ऑफ स्टडीज फिर विद्या परिषद की बैठक में आठ नए कोर्स शुरू करने को मंजूरी दी गई है। दो विषयों में पीएचडी भी शुरू होगी। इन सभी में प्रवेश इसी सत्र से होंगे। – डॉ. एके सिंह, कुलपति, रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *