इटावा। उद्योग विभाग को एक वर्ष में 1700 युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है लेकिन अभी भी ढाई सौ से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने का कार्य शेष रह गया है। इस काम को शिविर लगाकर पूरा किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पात्र युवाओं को रुपये पांच लाख तक 100 प्रतिशत ब्याज मुक्त एवं बिना गारंटी ऋण और परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान प्रदान किया जाता है।
योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले में एक वर्ष में 1700 युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। 20 मार्च तक जिले में 1434 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत व वितरण सुनिश्चित किया जा चुका है। है। शेष 266 आवेदनों पर कार्रवाई चल रही है। जिन भी आवेदकों की ऋण पत्रावलियां बैंकों में लंबित हैं, उनसे तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क करने को कहा है। अपनी कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट व अन्य आवश्यक अभिलेखों की कमियों को दूर कर पूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करें। 25 मार्च एक वृहद ऋण वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
