
अखिलेश यादव और पीएम मोदी।
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म संबंधी बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सपा जहाज उतरने लायक सड़क बनाती है और भाजपा जुमलों के कागज से बने झूठे हवा-हवाई जहाज उड़ाती है। मोदी ने अपनी सभा में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए विपक्षी गठबंधन इंडिया पर हमला बोला था। इस पर अखिलेश यादव ने एक्स के जरिये कहा कि सपा के बनाए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुपर सोनिक की शानदार उड़ान हो रही है। सपा और भाजपा में यही अंतर है। सपा आपातकाल में देश की रक्षा के लिए हवाई जहाज उतारने के लिए रनवे जैसी मजबूत सड़क बनाती है और भाजपा जुमलों के कागज से बने झूठे हवा-हवाई जहाज उड़ाती है।
अखिलेश ने जारी बयान में कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के पास हवाई पट्टी बनाई गई थी, जिस पर आज भी लड़ाकू विमान अभ्यास कर रहे हैं। यह एक्सप्रेसवे देश की सामरिक जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों ने देश और जनता के लिए हमेशा बड़े विजन के साथ काम किया है। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा सरकार ने विकास कार्य रोकने का कार्य किया। नोटबंदी, इलेक्टोरल बॉन्ड भ्रष्टाचार के सबसे बड़े उदाहरण है।
घूमंतु जनजातियों का अखिलेश को समर्थन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से शनिवार को लखनऊ में बारह संघ घुमंतू विमुक्त जनजाति समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम गिहार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के समर्थन का वादा किया। ”घुमंतु विमुक्त जनजाति का इतिहास” पुस्तक भी सपा अध्यक्ष को भेंट की गई। पूरे प्रदेश में घुमंतू विमुक्त जनजाति की जनसंख्या करीब 3 करोड 50 लाख है। इनकी जातियों की संख्या 66 है।