
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे श्रीराम मंदिर के उद्घाटन को लेकर भाजपा और सपा में जुबानी जंग तीखी हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने के सवाल पर कहा कि अयोध्या में भगवान राम का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री भगवान से बड़े नहीं हो सकते। भगवान जिसे बुलाएंगे, वही अयोध्या जा सकेगा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भगवान कब किसे बुला लें, कोई नहीं जानता। सपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कार्यक्रम पर अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर ये तंज कसे।
सपा मुख्यालय पर अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान के कार्यक्रम में भाजपा तय कर रही है कि मेहमान कौन होगा। कौन आएगा और कौन नहीं आएगा। बाकायदा सूची बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के निमंत्रण का इंतजार नहीं रहे हैं। अगर भगवान बुलाएंगे तो जरूर जाएंगे। समाजवादी महिला सभा के कार्यक्रम में भी अखिलेश ने इसी तरह का बयान दिया था।
इससे पहले प्रदेश मुख्यालय पर सपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने मंगलवार को नव वर्ष पर गीत और संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया। अखिलेश यादव ने कलाकारों को प्रोत्साहित किया और देर तक उनके गीत सुने। पूर्व सांसद एवं हिंदी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि कवि एवं लेखक क्रांति का संदेश देते है। उन्होंने अपनी कविताओं का पाठ भी किया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव और राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, समाजवादी पार्टी केरल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ साजी पोथेन थामस, नूरपुर से सपा विधायक राम अवतार सैनी, विधायक आशु मलिक, रविदास मेहरोत्रा, एमएलसी जासमीर अंसारी आदि थे।
