लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध सरकारी व सरकारी स्ववित्तपोषित संस्थानों में एमबीए-एमसीए और एमसीए व बीटेक लेटरल एंट्री की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए मंगलवार को स्पॉट राउंड काउंसिलिंग का आयोजन किया गया। हालांकि बीटेक की ही तरह इसमें भी छात्रों ने रुचि नहीं दिखाई और मात्र छह विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया।
विश्वविद्यालय के लखनऊ परिसर में काउंसिलिंग को लेकर काफी पहले से तैयारियां की गई थीं। अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच, ऑनलाइन उपस्थिति के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। हालांकि आईईटी में एमबीए में दो व केएनआईटी में लेटरल एंट्री में चार छात्रों ने प्रवेश लिए। बीआईईटी झांसी में एमबीए की 59, एकेटीयू कैंपस में एमबीए की 13, एकेटीयू में बीडेस, फार्मेसी लेटरल एंट्री आदि की सीटें खाली रह गईं।
सीट पाने वाले अभ्यर्थियों ने 70 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट देकर अपना प्रवेश सुनिश्चित कराया। अब उन्हें कॉलेज में रिपोर्ट करनी होगी। वहीं विश्वविद्यालय की ओर से इस चरण की काउंसिलिंग भी समाप्त कर दी गई है। अब सिर्फ फार्मेसी के प्रवेश होंगे। काउंसिलिंग में समन्वयक प्रो. ओपी सिंह, उप समन्वयक अभिषेक नागर व डॉ. पुष्कर त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
