लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 93वीं जयंती पर नेक्स्ट जनरेशन कलाम इनोवेशन स्प्रिंट का आयोजन किया गया। इसमें संबद्ध संस्थानों के 40 छात्रों के इनोवेटिव आइडिया की प्रस्तुति निर्णायक दल के सामने हुई। इनमें तीन छात्रों के आइडिया को टॉप थ्री के रूप में चुना गया।
इनको 50, 30 और 20 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। साथ ही इनके आइडिया को विवि के कलाम पेटेंट सेंटर के अंतर्गत निशुल्क पेटेंट भी कराया जाएया। टॉप थ्री के अलावा भी लगभग 35 आइडिया को पेटेंट कराया जाएगा। इन आइडिया को स्टार्टअप का रूप देने के लिए इन्क्यूबेशन की सहायता भी दी जाएगी। साथ ही आर्थिक भी सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि डाॅ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर छात्र अपने व्यक्तित्व में परिवर्तन ला सकते हैं। उनकी जयंती पर छात्रों को अपने आइडिया प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। आपके नवाचार आइडिया आगे एक बड़ी कंपनी का रूप ले सकते हैं। कार्यक्रम में वित्त अधिकारी केशव सिंह, डीन इनोवेशन प्रो. बीएन मिश्रा, इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह, वंदना शर्मा आदि उपस्थित थे।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
प्रथम पुरस्कार एक्वा अलर्ट स्मार्ट वॉटर मैनेजमेंट का आइडिया देने वाले दिव्या शर्मा, अभिषेक श्रीवास्तव और अदिति मिश्रा को मिला। दूसरा पुरस्कार मोहम्मद अनस को एसी आउटडोर कूलिंग सिस्टम के लिए मिला। तीसरा पुरस्कार ऋतिक राय व कुशाग्र शर्मा को जंगल में आग लगने पर आईओटी की मदद से संबंधित विभाग को जानकारी देने संबंधित सिस्टम विकसित करने के लिए मिला।
