आगरा की जूता कंपनी के इलेक्ट्रीशियन राजकुमार (45) की सिर में गोली मारकर व चाकू से गोदकर हत्या कर शव लोधा क्षेत्र में फेंक दिया गया। 16 दिसंबर दोपहर आगरा स्थित अपने घर से निकले इलेक्ट्रीशियन का खून से लथपथ शव 17 दिसंबर सुबह लोधा क्षेत्र में अकरावत के कच्चे रास्ते पर मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
सीओ गभाना धनंजय के अनुसार 17 दिसंबर सुबह सात बजे लोधा के गांव हैवतपुर के अकरावत बंबे के पास किसान सत्यदेव को कच्चे रास्ते पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शोर पर आसपास के लोग आ गए। खबर पर इलाका पुलिस के साथ-साथ सीओ गभाना भी पहुंच गए। आधार कार्ड व अन्य कागजात से मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई। वह आगरा के बैईपुर स्थित श्रीरामचंद्र पब्लिक विद्यालय के पास का रहने वाले हैं।
राजकुमार आगरा की लूथरा जूता कंपनी में इलेक्ट्रीशियन थे।16 दिसंबर दोपहर में वह रुपये लेने जाने की कहकर घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों ने आगरा में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। यहां कैसे पहुंचे, खुद परिजन परेशान हैं। धनीपुर मंडी के पास राजकुमार की ससुराल है। इस खबर पर साला व ससुराल के लोग पहले पहुंच गए थे। बाद में आगरा से परिजन आए। पुलिस स्तर से कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। देर शाम तक परिजन तहरीर नहीं दे पाए थे। हत्या की वजह भी साफ नहीं हो पा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन आगरा ले गए।
लोधा में मिले शव की पहचान आगरा के युवक के रूप में हुई है। उसकी यहां ससुराल है। उसकी हत्या किस वजह से किसने की, यह अभी जांच का विषय है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। – मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
