अलीगढ़ के जवाहर भवन में निर्माणाधीन नगर निगम सदन का निर्माण पूरा होने में विलंब पर नगर आयुक्त ने मंगलवार को फर्म मैसर्स ट्रिनिटी बिल्डटेक पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। चेतावनी दी है कि मई तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो अनुबंध निरस्त कर संस्था को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
25 मार्च 2025 को मैसर्स ट्रिनिटी बिल्डटेक कंपनी को नगर निगम सदन के निर्माण का कार्य सौंपा गया। 14 करोड़ रुपये से सदन में महापौर कक्ष, नगर आयुक्त कक्ष, पार्षद कक्ष, सभागार, मीटिंग हॉल, बाथरूम में लगने वाले समस्त सेनेटरी सामान, सभागार की सिटिंग चेयर, फर्नीचर, लाइटिंग, ग्लास एवं अन्य साज-सज्जा का कार्य होना है। अनुबंध के तहत 25 मार्च 2026 तक कंपनी को सभी काम पूरे करने थे। निर्माण कार्य का पहले भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर काम तेजी से पूरा करने की चेतावनी कंपनी को दी थी, लेकिन मनमानी जारी रही।
7 अप्रैल को फिर से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ सदन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तो करीब 30 फीसदी निर्माण कार्य अधूरा मिला। फिनिशिंग, फ्लोर टाइल्स, ग्रेनाइट आदि का काम लंबित मिले। सदन हॉल क्षेत्र में एसी डक्ट एवं फिनिशिंग कार्य जारी है तथा एसीपी फिनिशिंग कार्य भी अधूरा है। इस पर उन्होंने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। इंजीनियरिंग विभाग को निर्देश दिए कि मई तक सभी निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
नगर निगम सदन का निर्माण कार्य 25 मार्च तक पूरा हो जाना चाहिए था। कार्यदायी संस्था ने लापरवाही बरती, इसके लिए कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। अब मई तक कार्य पूरा करने का समय देते हुए 20 लाख का जुर्माना लगाया गया है। कार्य न पूरा होने पर ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। -प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
