गोंडा के गांव नगला बिरखू में खैर-टैटीगांव रोड पर रेहड़ी से मोमोज खाकर घर लौट रहीं मासूम बहनों को तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी कुचलते हुए भाग निकली। हादसे में छवि (8) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन बुलबुल (11) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हादसा ाशुक्रवार शाम करीब सात बजे का है।
गोंडा थाना पुलिस के अनुसार सेना में लद्दाख में तैनात गांव नगला बिरखू निवासी महेश जादौन के तीन बेटियों और एक बेटे में तीसरे नंबर की बेटी छवि 2 जनवरी की शाम अपनी चचेरी बहन बुलबुल के साथ मोमोज खाने के लिए गई थी। घर से करीब सौ मीटर दूर खैर-टैटीगांव रोड पर रेहड़ी से मोमोज खाकर दोनों बहनें घर लौट रही थीं तभी मैक्स गाड़ी उन्हें कुचलते हुए टैंटीगांव की ओर भाग निकली।
हादसे में छवि की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बुलबुल का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सरिता सिंह पहुंच गईं। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है। उसके पिता के आने का इंतजार किया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मैक्स गाड़ी की तलाश की जा रही है। अभी परिवार से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।