
निलंबित
– फोटो : प्रतीकात्मक
विस्तार
मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली करने और आरोपियों का पक्ष लेने के आरोप में अलीगढ़ जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। एसपी आगरा रेलवे का अतिरिक्त प्रभार देख रहे एसपी झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने 21 जुलाई को यह कार्रवाई की है। सीओ जीआरपी इटावा उदयप्रताप सिंह ने इस आदेश की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी अलीगढ़ में किसी अन्य प्रभारी निरीक्षक की तैनाती नहीं की गई है। थाने के एसएसआई अनिल कुमार फिलहाल कार्यभार देखेंगे।
मेरठ निवासी राम किशोर भटनागर के अनुसार, 22 वर्षीय इकलौते अविवाहित बेटे मोनू भटनागर का सिरविहीन कई टुकड़ों में कटा शव 9 जून को चोला-खुर्जा रेलवे स्टेशन के पास मिला था। जीआरपी इस घटना को रेल हादसा मानकर मुकदमा दर्ज नहीं कर रही थी। पिता का आरोप है कि मोनू की मौसी गीता जनपद खुर्जा स्थित ननिहाल में 4 जून को एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी।
परिवारवालों को बिना बताए वह मोनू को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गई थी। पिता ने जमीन-जायदाद हड़पने की नीयत से मोनू की हत्या का आरोप उसकी मौसी गीता, मामा आदि पर लगाया था। इस मामले में पीड़ित ने एसपी रेलवे समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
