युवती का रिश्ता होते ही वायरल कीं एडिट फोटो, शादी होने पर दी धमकी

ब्लैकमेलिंग का आरोप लगा पिता ने बदायूं के युवक पर दर्ज कराई प्राथमिकी

अलीगढ़। थाना लोधा क्षेत्र में एक युवती का रिश्ता पक्का होने के बाद बदायूं निवासी आरोपी अभिषेक ने उसके फोटो एडिट कर ब्लैकमेल किया। इसके बाद आरोपी ने फोटो वायरल कर दिए। शादी होने के बाद आरोपी पीड़िता की जिंदगी खराब करने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने फोटो उसके रिश्तेदारों को भेज दिए हैं। पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

थाना लोधा क्षेत्र निवासी पीड़ित ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक ने करीब 15 दिन पहले पीड़ित की बेटी के साथ अपनी फोटो एआई के जरिये एडिट कीं। आरोप है कि वह शादी का नाजायज दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने की नीयत से इन तस्वीरों को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल करने लगा।

पीड़ित का यह भी कहना है कि 20 नवंबर को उनकी बेटी का विवाह संपन्न हो गया। आरोपी ने बदनाम करने की मंशा से एडिट फोटो पीड़ित, उसके भाई और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दीं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी फोन पर पीड़ित और उसके भाई को धमकी दे रहा है कि शादी उससे न करने पर वह बेटी की शादीशुदा जिंदगी बर्बाद कर देगा।

एसपी सिटी आदित्य बंसल का कहना है कि शिकायत के आधार पर बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

अभी अभी की खबरें