अलीगढ़ महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र के मीनाक्षी पुल पर 1 फरवरी को चीनी मांझे की चपेट में आकर स्कूटर सवार बच्ची के गाल कट गए। इस घटना के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोदपुर से एक चीनी मांझा विक्रेता को पकड़कर जेल भेजा है।
घटनाक्रम के अनुसार क्वार्सी के गांव चिलकौरा की पांच वर्षीय इनाया सैनी पुत्री कन्हैया 1 फरवरी शाम अपने पड़ोसी दीपक संग स्कूटी से जा रही थी। बच्ची स्कूटी पर आगे खड़ी थी, तभी मीनाक्षी पुल पर चीनी मांझे से उसके दोनों गाल कट गए। इस पर बच्ची ने शोर मचाया तो वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन बच्ची को क्वार्सी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ में सूचना पुलिस को दी गई। इधर, उपचार के बाद बच्ची को घर भेज दिया गया।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह के अनुसार इस घटना के बाद क्वार्सी व सिविल लाइंस क्षेत्र में चीनी मांझा बेचने वालों की चेकिंग कराई गई। दोदपुर के दुकानदार अनिल की दुकान से सासनीगेट क्षेत्र के मालीपाड़ा नेहरू कुंज के कपिल गुप्ता को चीनी मांझे के एक बंडल के साथ गिरफ्तार किया गया। वह माल बेचने के लिए लेकर आया था। उसे जेल भेजा गया है।
