
ठंड में आग तापते लोग
– फोटो : संवाद
विस्तार
अलीगढ़ जिले में सर्दी का सितम लगातार बढ़ रहा है। ठंडी हवाओं और कोहरे ने लोगों को घरों में कैद रहने के लिए मजबूर कर दिया है। 28 दिसंब सुबह घना कोहरा छाया रहा। लोग जगह-जगह अलाप तापते नजर आए। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन उससे राहत नहीं मिली। रात का तापमान भी लुढ़ककर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार को बारिश की आशंका जताई है।
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर जिले में दिखने लगा है। सर्द हवाओं से गलन बढ़ गई है। प्रतिदिन पारा लुढ़क रहा है। गलन और घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बृहस्पतिवार सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। दृश्यता 50 मीटर से कम रही। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग भी कम नजर आए। हालांकि, दोपहर में थोड़ी धूप निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिल सकी। शाम होते फिर से गलन बढ़ गई। उधर, प्रशासन की ओर से लोगों को ठंड से बचाने के प्रयास नहीं दिख रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर अभी तक अलाव जलवाने की मुकम्मल व्यवस्था नहीं की जा सकी है। जबकि अफसर जिले भर में 50 स्थानों पर अलाव जलवाने का दावा कर रहे हैं।
नए साल पर बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक ठंड का प्रकोप रहेगा। नए साल पर बारिश होने की भी संभावना है। 28 दिसंबर को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। 29 दिसंबर को कड़ाके की सर्दी, 30 दिसंबर को घना कोहरा छाने एवं 31 दिसंबर को बारिश की संभावना है।
सर्दी से बचाव के लिए महानगर में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत 50 से अधिक स्थानों पर रात में अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके अलावा स्थायी एवं अस्थायी रैन बसेरे तैयार कराकर वहां समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ठंड में किसी को भी परेशान नहीं होने दिया जाएगा। – अमित आसेरी, नगर आयुक्त