
अमर उजाला दिव्यांग मेला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इटावा जिले में अमर उजाला फाउंडेशन और जिला प्रशासन के सहयोग से जीआईसी मैदान में आयोजित दिव्यांग मेले में सुबह से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, लोगों की भीड़ बढ़ती गई। मेले में 953 लोगों ने पंजीकरण कराए। इनमें से 376 लोगों को सहायक उपकरणों के लिए चुना गया। 31 लोगों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए।
घने कोहरे के बीच मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन के दिव्यांग परीक्षण शिविर में सुबह नौ बजे से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मुख्य अतिथि एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अमर उजाला फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वह जन सरोकारों के कार्य बढ़-चढ़कर करता है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रदीप तिवारी ने भी व्यवस्थाएं देखीं।
उधर, दिन चढ़ने के साथ-साथ लोगों की भीड़ बढ़ती गई। दोपहर होते होते जीआईसी परिसर में बड़ी संख्या में दिव्यांग एकत्रित हो गए। उपकरण की आस में दिनभर में 953 लोगों ने पंजीकरण कराए। इसके बाद एल्मिको की टीम ने दिव्यांगों का परीक्षण किया। फोटो खिंचाने के बाद फार्म ऑनलाइन होते ही लोग खुश होकर लौटे।
